
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गब्दी एवं ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों ने की सहभागिता
जामगांव आर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को थाना जामगांव आर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गब्दी में शहीद आरक्षक थान सिंह ठाकुर के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके पश्चात ग्राम पंचायत जामगांव आर परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम का टेलीविजन के माध्यम से लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।
इस अवसर पर ग्राम जामगांव आर के उपसरपंच मुकेश कुमार साहू,शासकीय कालेज समिति के अध्यक्ष नरेश केला सहित अन्य गणमान्य नागरिक, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में थाना जामगांव आर के निरीक्षक बसंत कुमार बघेल, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार देशमुख, प्रधान आरक्षक मोहनलाल ठाकुर, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह राजपूत, आरक्षक प्रमोद मंडावी, आरक्षक लेखराम मारकण्डेय सहित थाना स्टाफ के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।