
पाटन। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उनके योगदान के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व और ऐतिहासिक निर्णय के परिणामस्वरूप 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य अस्तित्व में आया। उनके इस ऐतिहासिक योगदान को प्रदेश की जनता सदैव याद रखेगी। छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास, जनकल्याण और समृद्धि के लिए नए संकल्प लेने का भी दिन है। हम सभी को आपसी सहयोग और सहभागिता से छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।