31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर विधानसभा में हाइलेबल मीटिंग,पीएम मोदी करेंगे नए विधानसभा भवन और आदिवासी संग्रहालय का लोकार्पण

रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित मुख्य समिति कक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वनमंत्री एवं संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक भावना बोहरा, विधायक अनुज शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे और राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *