“नक्सलियों से संवाद की मांग पर गरमाई सियासत : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने केसीआर को घेरा, बोले– देश को गुमराह कर रहे हैं”

रायपुर। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (KCR) द्वारा नक्सलियों से बातचीत शुरू करने और “ऑपरेशन कागर” बंद करने की मांग ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस विवादास्पद बयान पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, “जब धारबंदोरा में 27 लोगों की नृशंस हत्या हुई, छिंगावनम और मणिकोंडा में निर्दोष नागरिक मारे गए, या जब आईईडी ब्लास्ट में लोग जीवनभर के लिए अपंग हो गए, तब केसीआर जैसे लोग चुप क्यों थे? आज अचानक उन्हें नक्सलियों से संवाद की चिंता क्यों सताने लगी?”

उन्होंने केसीआर पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, “इनका नक्सलियों से क्या संबंध है, यह देश जानना चाहता है। हम उन लोगों से संवाद क्यों करें जो केवल बंदूक की भाषा समझते हैं?”

श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार का रुख अडिग है—आतंक और हिंसा के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। वहीं, केसीआर का तर्क है कि केंद्र सरकार को सैन्य कार्रवाई की जगह शांति वार्ता का प्रयास करना चाहिए। इस बयान ने सियासी गलियारों में बहस को और तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *