दुर्ग। ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला प्रशासन द्वारा खालसा पब्लिक स्कूल परिसर में विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल रहे। उनके साथ मंच पर विधायक डोमन लाल कोर्सवाड़ा, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी आर. जी. गर्ग, कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, और नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद थे और सभी ने संयुक्त रूप से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा मुख्य अतिथि सांसद श्री बघेल और अन्य अतिथियों को पौधे भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। अपने संक्षिप्त उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, योग जीवन जीने की प्राचीन ऋषि परंपरा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा मिली है। 21 जून का यह दिन आज 190 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश का वाचन करते हुए लोगों से आह्वान किया कि “करे योग, रहे निरोग” के संकल्प के साथ सभी नियमित रूप से योग करें ताकि शारीरिक और मानसिक रूप से हम सभी मजबूत बनें।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक प्राची भट्टाचार्य और डिलिमा मजूमदार ने प्रतिभागियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और ओम् के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।