अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान : सांसद विजय बघेल को मिला बड़ा दायित्व,ब्रिक्स फोरम में रखेंगे देश का पक्ष

भिलाई । 11वें ब्रिक्स संसदीय फोरम का आयोजन ब्राज़ील के ब्रासीलिया में 3 से 5 जून के बीच होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच में भारत की ओर से छह सांसदों का प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा, जिसकी अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ से सांसद विजय बघेल को भी शामिल किया गया है। उन्हें इस फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। यह फोरम ब्रिक्स देशों (ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) के बीच संसदीय सहयोग को मज़बूत करने और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए साझा दृष्टिकोण विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

जानकारी के अनुसार सांसद विजय बघेल 1 जून को दिल्ली से रवाना होंगे और 3 जून को ब्रासीलिया पहुंचेंगे। इस फोरम का एजेंडा ब्रिक्स देशों के सांसदों के बीच वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना है। इनमें व्यापार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जलवायु संकट, शिक्षा और आर्थिक विकास जैसे विषय शामिल हैं।

4 जून को इस फोरम का उद्घाटन समारोह होगा, जिसके बाद विभिन्न सत्रों में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस वर्ष का मुख्य विषय है – “आधिकारिक इंटेलिजेंस के युग में महिलाएं, जलवायु संकट और सतत विकास के लिए समाधान”।

फोरम के अन्य सदस्यों में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सांसद सुदेश शर्मा, विवेक ठाकुर, डॉ. साहिबजादा निज़ामुद्दीन, उपल कुमार सिंह और भूपति मोदी भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *