छत्तीसगढ़ में 01 से 07 जून तक मनाया जाएगा ‘चावल उत्सव’, तीन माह का चावल एकमुश्त मिलेगा

रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आगामी 01 से 07 जून 2025 तक ‘चावल उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश के 81 लाख से अधिक राशन कार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त महीने का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा। राज्य शासन ने इस हेतु 13,928 उचित मूल्य दुकानों को चावल का आबंटन कर दिया है। इन दुकानों में चावल का भंडारण कार्य तेजी से चल रहा है ताकि वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए और दूरस्थ व ग्रामीण अंचलों में भी समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।

राज्य खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार, चावल उत्सव के दौरान सभी उचित मूल्य दुकानों से चावल का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। वितरण से संबंधित जानकारी का दुकानों में स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य किया गया है, जिससे पारदर्शिता और लाभार्थी की सुविधा सुनिश्चित हो सके।सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से लाभार्थियों तक इस योजना की जानकारी पहुँचाएं। खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने 28 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि—प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में समयपूर्व चावल का भंडारण सुनिश्चित किया जाए।वितरण दुकान स्तर की निगरानी समिति की उपस्थिति में हो। प्रत्येक लाभार्थी को ई-पॉस मशीन से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के पश्चात चावल दिया जाए।लाभार्थी को पावती रसीद अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए।

खाद्य सचिव ने कहा कि इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभार्थी की सुविधा को सुनिश्चित करना है। वितरण प्रक्रिया में तकनीक का प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

मौसम को ध्यान में रखते हुए 249 दुर्गम क्षेत्रों की दुकानों में, जो वर्षा ऋतु में पहुंचविहीन हो जाती हैं, पहले से अग्रिम चावल भंडारण की व्यवस्था की जा रही है ताकि वर्षाकाल में भी राशन वितरण बिना रुकावट जारी रहे।

इस बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक श्रीमती किरण कौशल, खाद्य विभाग के संचालक श्री रमेश शर्मा, सभी जिलों के कलेक्टर, खाद्य नियंत्रक, जिला खाद्य अधिकारी और निगम के जिला प्रबंधक भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *