
पाटन में 5 सितंबर को 29 वर्षों से जारी है शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के सम्मान की परंपरा
पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल के आमंत्रण पर शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पाटन विधानसभा क्षेत्र में भव्य गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह शनिवार को प्रातः 11 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पतोरा (पाटन) के प्रांगण में आयोजित होगा। शिक्षक दिवस पर पाटन क्षेत्र में गुरुजनों के सम्मान की यह परंपरा पिछले 29 वर्षों से निरंतर जारी है। वर्ष 1997 में घुघवा से शुरू हुई यह परंपरा पाटन विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों तक पहुंचती रही और वर्ष 2026 में पतोरा में इसका आयोजन किया जा रहा है। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है।
समारोह के मुख्य अतिथि पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के पूर्व कुलपति शिव कुमार पांडेय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेकानंद आश्रम, रायपुर के शिक्षाविद् ओमप्रकाश वर्मा करेंगे। वहीं शिक्षाविद् रायपुर सैय्यद फाजिल, समाजसेवी पाटन सीताराम वर्मा तथा कवि रायपुर मीर अली मीर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गुरुजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। संतोष साहू एवं राघव म्यूजिकल ग्रुप, कोटगांव, कुरूद, जिला धमतरी द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी।