शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में ऑनलाइन मॉक टेस्ट का सफल आयोजन, 271 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चयन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में ऑनलाइन मॉक टेस्ट का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
मॉक टेस्ट का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को व्यापम, SSC, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, रेलवे, CG TET एवं CTET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना तथा उनकी शैक्षणिक कमजोरियों की पहचान कर सुधार के अवसर प्रदान करना था।
महाविद्यालय के कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय से कुल 271 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया। इनमें से 173 प्रतिभागियों ने 100 अंकों की परीक्षा में 50 या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिचायक है।
गूगल फॉर्म के माध्यम से आयोजित इस ऑनलाइन परीक्षा में भूगोल, राजनीति विज्ञान, भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य तथा छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान जैसे विषयों से प्रश्न शामिल किए गए थे। छात्र-छात्राओं की गंभीरता और उत्साह को देखते हुए आयोजन अत्यंत प्रभावशाली रहा। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता एवं आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।

प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे मॉक टेस्ट नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम का सफल संचालन IQAC प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में हुआ। तकनीकी सहयोग श्री मकेश कठोतिया ने प्रदान किया, जबकि मॉक टेस्ट प्रभारी श्री मनोज कुमार एवं सह-प्रभारी श्री मनीष साहू, श्री प्रियम वैष्णव और श्री मेजराम जोशी ने समन्वय एवं संचालन की जिम्मेदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *