स्वच्छ गांव की ओर बढ़ा औंसर-डिघारी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ग्राम सभा आयोजित

स्वच्छ गांव की ओर बढ़ा औंसर-डिघारी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ग्राम सभा आयोजित

कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त गांव और स्वच्छता अभियान पर ग्रामीणों ने लिया संकल्प

रानीतराई। ग्राम पंचायत औंसर-डिघारी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वच्छ गांव के निर्माण के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा खेत बचाओ अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक कचरे से होने वाले नुकसान, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन न केवल गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाता है, बल्कि विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ग्राम सभा में पंचायत द्वारा संचालित स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरपंच प्रियालता महिपाल ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाए। उन्होंने सभी ग्रामीणों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में सचिव शशि वर्मा, पंचायत प्रतिनिधि सुरेश वर्मा, भूपेश निर्मलकर, खुमान यादव, प्रकाश भास्कर, सुखदेव ठाकुर, दौलत राम ठाकुर, अनीता वर्मा, अनीता ठाकुर, अंजू महिपाल, श्यामा भारती, मीना यादव, चंद्रकला वर्मा, गजेंद्र भारती, उत्तर ठाकुर, पिंगला भास्कर, निर्मला भांडेकर, उषा भारती, भूषण वर्मा, मुरली मनोहर चंदेल, ललिता वर्मा, शशि महिपाल, मंजू ठाकुर, दिनेश धनकर, मोतीलाल ठाकुर, छबीलाल सोनवानी, पूजा ठाकुर सहित स्वच्छता दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *