रायपुर। दुर्ग जिले में भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती उजागर होने के बाद मामला अब छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंचने वाला है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की रणनीति बनाई है और सरकार से जवाब मांगने की तैयारी कर ली है। विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही सोमवार (9 मार्च) से फिर शुरू हो रही है। ऐसे में विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायकों की ओर से अफीम की अवैध खेती के मामले में काम रोको प्रस्ताव यानी स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में सूखा नशा के कारोबार को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। अब भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आने से सरकार के नशा नियंत्रण संबंधी दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे के साथ-साथ धान खरीदी, राशन वितरण व्यवस्था, आंगनबाड़ी सेवाओं और प्रदेश में बढ़ते कुपोषण जैसे मुद्दों को भी सदन में उठाया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे।
पहले भी उठा था सूखा नशा का मुद्दा
सत्र के पहले सप्ताह में भी विपक्ष ने प्रदेश में सूखा नशा के कारोबार को लेकर सरकार को घेरा था। उस दौरान तस्करों की सूची में कुछ नाम शामिल न होने को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। अब दुर्ग जिले में सामने आए अफीम खेती के मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस सरकार की कार्रवाई और उसकी चुप्पी को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सोमवार सुबह कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में अफीम खेती के मुद्दे को लेकर अंतिम रणनीति तय की जाएगी। बताया जा रहा है कि विधायकों को इस मामले से जुड़े तथ्यों के साथ सदन में आने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव जाकर जुटाई जानकारी
अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी समोदा गांव पहुंचे थे। उन्होंने वहां ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपी भाजपा नेता के खेत का निरीक्षण किया। कांग्रेस की ओर से इस पूरे मामले को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की गई है। पार्टी इसे राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाने की तैयारी कर रही है। वहीं मामले के खुलासे के बाद भाजपा ने संबंधित नेता को पार्टी से निलंबित कर दिया है और पुलिस ने उसे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।