आयोजन बना विवाद,सचिव प्रसन्ना आर. के विदाई-स्वागत समारोह पर आपत्ति : आयुक्त जनक प्रसाद पाठक हटाए गए…

रायपुर, 21 अप्रैल – छत्तीसगढ़ राज्य के उच्च शिक्षा विभाग में शनिवार को एक अप्रत्याशित प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाए गए उच्च शिक्षा सचिव प्रसन्ना आर. के विदाई और उनके स्थान पर नियुक्त भारती दासन के स्वागत के लिए आयोजित समारोह पर मुख्यमंत्री कार्यालय की आपत्ति के बाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद उच्च शिक्षा आयुक्त जनक प्रसाद पाठक को उनके पद से हटा दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर के एक फाइव स्टार होटल ‘सयाजी’ में 21 अप्रैल को सचिव प्रसन्ना आर. के विदाई और नए सचिव भारती दासन के स्वागत के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र विभागीय और अन्य गणमान्य अतिथियों को भेजा गया था।

हालांकि, जैसे ही यह सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची, आयोजन पर आपत्ति जताई गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्तमान में स्वयं उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी नाराजगी के बाद विभाग द्वारा कार्यक्रम को स्थगित करने की सूचना शनिवार शाम को जारी की गई।

प्रशासनिक कार्रवाई
कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद के बाद हुए प्रशासनिक फेरबदल में सबसे पहले उच्च शिक्षा आयुक्त जनक प्रसाद पाठक को उनके पद से हटाया गया। उनकी जगह अब डॉ. संतोष कुमार देवांगन को उच्च शिक्षा आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है।

बताया जा रहा है कि पाठक द्वारा ही इस विदाई-स्वागत समारोह का संयुक्त आयोजन किया गया था, जिसे “अनुचित” मानते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने गंभीरता से लिया। इसके चलते यह कार्रवाई की गई। अब यह घटना छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है, जहाँ अधिकारियों द्वारा आयोजित समारोहों को लेकर सावधानी बरतने के संकेत साफ तौर पर दिए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *