रायपुर में कांग्रेस की बैठकों के दौरान सचिन पायलट का बड़ा बयान, भाजपा ने बताया “दिल्ली बनाम इटली” की सियासत
रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर बयानबाज़ी के गर्माहट में है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने सोमवार को रायपुर में कहा कि छत्तीसगढ़ की वर्तमान सरकार के सारे फैसले दिल्ली से नियंत्रित होते हैं। उनके इस बयान पर राज्य के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तीखा पलटवार करते हुए कहा-
हमारी सरकार छत्तीसगढ़ से चलती है, आपकी सरकार तो इटली से चला करती थी।
पायलट का निशाना – “दिल्ली मैनेज कर रही है छत्तीसगढ़ को”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट रायपुर प्रवास पर हैं और यहां पार्टी की महत्वपूर्ण मैराथन बैठकें ले रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा –
यहां पर कानून-व्यवस्था लचर है। ऐसा लगता है कि रायपुर से नहीं, बल्कि दिल्ली से सरकार चल रही है। जिनको शासन का जनादेश मिला है, वे हर निर्णय के लिए दिल्ली की ओर देखते हैं।”
पायलट ने यह भी बताया कि वे छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों और संगठन के विभिन्न विभागों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इस दौरान अब तक के कार्यों की रिपोर्ट ली जाएगी और भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।
डिप्टी सीएम का जवाब – “हम यहां की मिट्टी से जुड़े हैं”
सचिन पायलट के बयान पर पलटवार करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा –
सचिन जी को छत्तीसगढ़ की जमीनी सच्चाई पता नहीं है। यहां फैसले दिल्ली नहीं, रायपुर से होते हैं। हमने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जमीन और जनता के साथ जुड़कर सरकार बनाई है, जबकि उनकी सरकार इटली के इशारों पर चलती थी।”
नक्सल मुद्दे पर भी आमने-सामने कांग्रेस-बीजेपी
सचिन पायलट ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें शाह ने कहा था कि “नक्सलियों को मानसून में भी चैन से नहीं सोने देंगे।”
पायलट ने इस पर कहा-हम हिंसा के खिलाफ हैं, लेकिन कार्रवाई पारदर्शी और न्यायपूर्ण होनी चाहिए। यह आंतरिक सुरक्षा का विषय है, इसे राजनीतिक नहीं बनाना चाहिए। सभी पक्षों को विश्वास में लेकर कदम उठाना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को चाहिए कि जवानों की कुर्बानी और आम लोगों की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाकर संवेदनशील नीति अपनाए।