
जामगांव आर। पाटन तहसील के ग्राम मोहभट्ठा में गिरदावरी और पंजीकृत रकबे के आंकड़ों में अंतर आने से 168 किसान धान बिक्री की समस्या से जूझ रहे हैं। पटवारी हल्का नंबर 47 के अंतर्गत आने वाले इन किसानों के पंजीकृत रकबे में धान की फसल का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। इसके चलते किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं।
स्थिति यह है कि गांव के किसानों की लगभग 50 प्रतिशत धान फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में रकबा शून्य होने के कारण उनकी उपज की बिक्री पर संकट खड़ा हो गया है। किसान अपनी मेहनत से तैयार धान को खलिहान में रखकर रकबा सुधार की उम्मीद में जनप्रतिनिधियों और तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। किसानों को आशंका है कि समय रहते रिकॉर्ड में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम मोहभट्ठा के प्रभावित किसानों ने क्षेत्र के जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और जल्द निराकरण की मांग की। इस संबंध में जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण जिन किसानों का रकबा गिरदावरी में दर्ज होने से छूट गया है, उसमें तत्काल सुधार किया जाना चाहिए। शासन-प्रशासन को पूर्व में हुए पंजीयन के आधार पर प्रभावित किसानों की धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार विभाग और अफसर आवेदन की प्रतीक्षा ना करे बल्कि जहां से शिकायत, समस्या उनके संज्ञान में आ रहा है उस पर संवेदनशील होकर किसानों की समस्या सुलझाने tatprta
फिलहाल मोहभट्ठा के 168 किसान रकबा सुधार की आस लगाए बैठे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की इस समस्या का कितनी जल्दी समाधान करता है, ताकि उनकी मेहनत से तैयार धान समय पर समर्थन मूल्य पर बिक सके।