धान खरीदी की तारीख बढ़ी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला, 4–5 फरवरी तक होगी खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी की तिथि में दो दिवस की वृद्धि करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब राज्य में 4 और 5 फरवरी को भी धान खरीदी की जाएगी। इस अवधि में ऐसे पंजीकृत किसान, जिनके टोकन कट चुके हैं, अपने धान का विक्रय कर सकेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के वास्तविक किसानों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाया है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। किसानों की मांग और हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे।

उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर 2025 से शुरू हुए धान खरीदी महाभियान के तहत 31 जनवरी 2026 तक प्रदेश के 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 33 हजार 149 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के माध्यम से किया गया है।
धान खरीदी की तिथि बढ़ाए जाने से अब वे किसान भी आसानी से अपना धान बेच सकेंगे, जो किसी कारणवश पूर्व निर्धारित तिथि तक विक्रय नहीं कर पाए थे। इस वर्ष छत्तीसगढ़ सरकार की किसान-हितैषी और पारदर्शी व्यवस्था से वास्तविक किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
राज्य में खरीफ सीजन 2025–26 के लिए कुल 27 लाख 43 हजार 145 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रदेशभर में संचालित 2,740 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, डिजिटल निगरानी युक्त एवं पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। शासन की इस व्यवस्था से बिचौलियों और फर्जी प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगी है और वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *