जांजगीर । पामगढ़ के कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश का रेत कारोबार से जुड़ा छह कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद जिले की सियासत में भूचाल आ गया है। इन ऑडियो में कथित तौर पर हर माह 11 लाख रुपये की अवैध वसूली और ट्रक छुड़वाने की बात हो रही है। वायरल ऑडियो क्लिप के मुताबिक, हर माह 3 लाख रुपये कलेक्टर, 2 लाख SDM, 5 लाख खुद विधायक और 1 लाख राघवेन्द्र नामक व्यक्ति के लिए मांगे जाने की चर्चा है। एक अन्य ऑडियो में अवैध रेत खनन करते पकड़ी गई गाड़ी छुड़वाने का लेन-देन सुनाई देता है।
विधायक का जवाब – षड्यंत्र और AI एडिट का आरोप
विधायक शेषराज हरवंश ने इन ऑडियो को फर्जी बताते हुए कहा कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है और उन्हें बदनाम करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से इन्हें एडिट किया गया है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि 6 में से 1 ऑडियो असली है, जो करीब एक साल पुराना है और गाड़ी छुड़वाने की बातचीत से जुड़ा है, लेकिन उसमें कोई वित्तीय लेन-देन नहीं हुआ।
FIR और पार्टी शिकायत का ऐलान
हरवंश ने कहा कि वे इस मामले में FIR दर्ज कराएंगे और कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने भाजपा और विपक्षी नेताओं पर मिलकर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।
सियासी हलचल तेज
ऑडियो वायरल होते ही जिले का राजनीतिक माहौल गर्मा गया। विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार का खुला सबूत बताते हुए विधायक के इस्तीफे की मांग कर दी है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस समर्थक विधायक के पक्ष में खड़े हैं और इन क्लिप्स को पूरी तरह फर्जी बता रहे हैं।