76 करोड़ का कागजी कारोबार, 8.22 करोड़ का फर्जी ITC! GST की बड़ी कार्रवाई में कारोबारी गिरफ्तार

76 करोड़ का कागजी कारोबार, 8.22 करोड़ का फर्जी ITC! GST की बड़ी कार्रवाई में कारोबारी गिरफ्तार

राजनांदगांव की फर्म पर करोड़ों की टैक्स हेराफेरी का आरोप, बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। जांच में करीब 76 करोड़ रुपये के संदिग्ध कागजी कारोबार और 8.22 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश में सक्रिय एक बड़े फर्जी बिलिंग नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। स्टेट जीएसटी विभाग ने राजनांदगांव स्थित मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि फर्म ने पिछले छह महीनों के दौरान आयरन और स्टील व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपये का कारोबार दर्शाया, लेकिन दस्तावेजों की गहन जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

अधिकारियों के अनुसार फर्म ने पश्चिम बंगाल की कई संदिग्ध कंपनियों से वास्तविक माल खरीदे बिना ही करोड़ों रुपये के खरीद बिल हासिल किए। इन्हीं बिलों के आधार पर फर्जी ITC का लाभ लिया गया और बाद में अन्य करदाताओं तक भी इसका फायदा पहुंचाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिन कंपनियों से खरीद दर्शाई गई थी, उनमें से अधिकांश का जीएसटी पंजीयन पहले ही निरस्त किया जा चुका था।विभाग को संबंधित कंपनियों के व्यापार, गोदाम, माल आपूर्ति और परिवहन से जुड़े कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि करोड़ों रुपये का कारोबार केवल कागजों में संचालित किया जा रहा था, जबकि जमीनी स्तर पर उसका कोई अस्तित्व नहीं था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विभाग ने कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच एजेंसियां बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कारोबारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक यह मामला केवल एक फर्म तक सीमित नहीं हो सकता। जांच में कई अन्य नाम भी सामने आने की संभावना है। अधिकारियों का मानना है कि यह फर्जी बिलिंग और बोगस ITC के बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसने सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। स्टेट जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी ITC और कर चोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की यह कार्रवाई प्रदेश में टैक्स चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *