जामगांव आर कालेज के विकास और सुरक्षा को मिलेगी रफ्तार : बाउंड्री वॉल निर्माण जल्द पूरा होगा, अर्थशास्त्र विषय, जिम व साइकिल स्टैंड के प्रस्तावों पर भी बनी सहमति

जामगांव आर कालेज के विकास और सुरक्षा को मिलेगी रफ्तार : बाउंड्री वॉल निर्माण जल्द पूरा होगा, अर्थशास्त्र विषय, जिम व साइकिल स्टैंड के प्रस्तावों पर भी बनी सहमति

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से पूर्व जनभागीदारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में महाविद्यालय की सुरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने महाविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेज एक्सटेंशन, जी.आई. शीट कार्य, नवीन फ्लोरिंग सहित अन्य निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराए जा रहे हैं। साथ ही पिछले वर्ष स्वीकृत एवं पूर्ण किए गए विकास कार्यों की जानकारी भी सदस्यों को दी गई।

इस दौरान जामगांव (आर) के सरपंच रूपेन्द्र शुक्ला ने महाविद्यालय परिसर की सुरक्षा एवं परिसंपत्तियों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा घोषित बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सभी सदस्यों ने इसे अत्यंत आवश्यक बताते हुए सर्वसम्मति से समर्थन दिया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला से इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग का अनुरोध किया। अध्यक्ष नरेश केला ने महाविद्यालय के समग्र विकास में निरंतर सहयोग का आश्वासन देते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण को शीघ्र अमल में लाने के लिए एक समिति गठित करने का सुझाव दिया, जिसे सभी सदस्यों ने स्वीकार किया। बैठक में कला संकाय में अर्थशास्त्र विषय प्रारंभ करने, विद्यार्थियों के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण तथा जिम स्थापना जैसे प्रस्तावों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वर्ष 2025-26 की कैंपस न्यूज लेटर का विमोचन भी किया गया। यह न्यूज लेटर का चौथा संस्करण है, जिसमें वर्षभर की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रकाशित किया गया है।
प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए सभी सदस्यों से सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में वाणिज्य विभाग के डॉ. आबिद हसन खान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रूपेन्द्र साहू, संजू साहू , जयप्रकाश चंद्राकर, नरेंद्र धम्मुडी, उमाशंकर शुक्ला, तेजेंद्र पिपरिया, प्रेमचंद चौरडिया थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *