दुर्ग। श्री राजस्थानी गौड़ ब्राह्मण समाज के द्वारा शनिवार को दुर्ग स्थित परशुराम भवन में भवन का वास्तु पूजन एवं उद्घाटन समारोह बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रहे। साथ ही दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक गजेन्द्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, सुरेन्द्र शर्मा एवं श्याम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि समाज के इस महत्वपूर्ण भवन के निर्माण में उन्होंने 12 लाख रुपये की सहयोग राशि दी है। उन्होंने इसे समाज के गौरव का प्रतीक बताया।
वहीं सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा, “छत्तीसगढ़ में विकास की नींव रखने वाले डॉ. रमन सिंह जी हैं। समाज का यह सपना साकार होते देख मैं सौभाग्यशाली महसूस करता हूं कि इसमें मेरी भी आहुति लगी है। लोकतंत्र के मंदिर लोकसभा में काम करने का अवसर मुझे मिला, जिसमें इस समाज का बड़ा योगदान है। डॉ. रमन सिंह जी के साथ विगत तीन दिनों से लगातार कार्यक्रमों में भागीदारी का सौभाग्य मिला है।”
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भगवान परशुराम की जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए समाज को नवनिर्मित भवन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, जिनकी वीरता और धर्म के प्रति समर्पण की कोई सीमा नहीं थी। उन्होंने समाज को प्रेरणा देते हुए कहा कि धर्म की रक्षा और सामाजिक संगठन के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।
समाज द्वारा इस नए भवन के निर्माण को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, जो आज पूरे समाज के सहयोग से साकार हुआ है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।