जामगांव आर महाविद्यालय में पालक–विद्यार्थी समिति की बैठक, लकी ड्रॉ से बढ़ाई गई सहभागिता

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में पालक–विद्यार्थी समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में यूजीसी के निर्देशानुसार संपन्न हुई। बैठक का संयोजन समिति के संयोजक डॉ. अरुणेंद्र तिवारी द्वारा किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में पालकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा महाविद्यालय की गतिविधियों में उनका सहयोग और सुझाव प्राप्त करना था। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के कारण कई बार पालकों की उपस्थिति कम रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष बैठक में उपस्थित पालकों के लिए लकी ड्रॉ के माध्यम से उपहार देने की विशेष व्यवस्था की गई। महाविद्यालय परिवार ने पालकों के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

बैठक के दौरान पालकों ने महाविद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए अपने सुझाव साझा किए, जिनकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य पालकों और महाविद्यालय के बीच समन्वय को और मजबूत बनाना रहा। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पालकों और महाविद्यालय के बीच बेहतर संवाद और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से भी अपील की कि वे अपने पालकों को ऐसी बैठकों में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *