पाटन। संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र मर्रा के छात्रों द्वारा ग्राम गुढ़ीयारी (आमालोरी) में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। समापन अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच प्रीति चंद्राकर रहीं, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सत्य नारायण पाण्डेय उपस्थित रहे। अधिष्ठाता डॉ. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन शैली को समझना, अनुशासन और शिक्षा के महत्व को आत्मसात करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए।
सरपंच प्रीति चंद्राकर ने कहा कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों को गांव से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला होगा। उन्होंने शिविर की सफलता पर सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी, योग सत्र, मंदिर एवं तालाब की साफ-सफाई, वृक्षारोपण, ग्राम चर्चा, कृषि समस्याओं का समाधान, विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता, गौठान एवं नहर की सफाई जैसे अनेक रचनात्मक कार्य किए। साथ ही पशु टीकाकरण एवं ड्रैगन फ्रूट फार्म का भ्रमण भी कराया गया।
शिविर में प्रतिदिन योगगुरु तुलाराम वर्मा के मार्गदर्शन में योग अभ्यास कराया गया। समापन अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का आभार एनएसएस प्रभारी डॉ. मोहनिशा सिंह राजपूत ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. सी.आर. नेताम, डॉ. सुशीला, ई. किपु किरण सिंह महिलाँग, सुचिता खलखो, एल.के. महानंद, गीतिका पियूष, खिलेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।