रायपुर। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम अमलेश्वर, जिला दुर्ग की होनहार युवती परिधि शर्मा को “युवा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के करकमलों से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। इस भव्य सम्मान समारोह का आयोजन राज्य प्रशासन के सहयोग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया, जिसमें वर्ष 2026 के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 युवाओं एवं 1 संगठन को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि परिधि शर्मा ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से सांख्यिकी विषय में शिक्षा प्राप्त की है तथा वे यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं। उन्होंने स्नातक स्तर पर दो स्वर्ण पदक एवं परास्नातक स्तर पर चार स्वर्ण पदक अर्जित किए हैं। शैक्षणिक सत्र 2022–23 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ छात्रा के रूप में चयनित किया गया, जिसके लिए विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान “पढ़ई तुहर दुवार” अभियान के अंतर्गत परिधि ने मोहल्ला शिक्षा केंद्र में ‘शिक्षा सारथी’ के रूप में सेवाएं दीं, जिसका निरीक्षण तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी द्वारा भी किया गया था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने भारत की संसद भवन में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट फेस्टिवल में दो बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए केंद्रीय कक्ष में अपना प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया।
परिधि शर्मा ने पुणे में आयोजित भारतीय छात्र संसद में भी चयनित 25 वक्ताओं में स्थान पाकर राज्य का गौरव बढ़ाया। विश्वविद्यालय स्तर पर उन्होंने नेशनल इंटर-यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का दो बार वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार अर्जित किए। साथ ही वे “काशी तमिल संगमम” के दौरान भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट वक्तव्य हेतु केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी द्वारा सम्मानित की जा चुकी हैं।
स्कूली शिक्षा के दौरान भी परिधि को प्रख्यात अभिनेता श्री अनुपम खेर, पूर्व मुख्यमंत्री श्री रमन सिंह जी, तथा तत्कालीन शिक्षामंत्री श्री केदार कश्यप जी, श्री प्रेमसाय सिंह जी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सम्मानित किया गया है। सम्मान प्राप्त करने के पश्चात परिधि शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत होने के साथ-साथ जिम्मेदारियों को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री, राज्य प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर यह सम्मान मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। गौरतलब है कि “युवा रत्न सम्मान” इस वर्ष प्रारंभ की गई एक नई पहल है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली युवाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना है।