दुर्ग। अभिषेक शांडिल्य (IPS) ने शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर निवर्तमान आईजी रामगोपाल गर्ग ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी अभिषेक शांडिल्य ने दुर्ग रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और रेंज की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और समग्र पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। आईजी शांडिल्य ने पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करना आवश्यक है।
उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई, यातायात व्यवस्था में सुधार और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्रवाई और पेशेवर कार्यशैली से ही प्रभावी पुलिसिंग संभव है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणि शंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा सहित दुर्ग रेंज के सभी राजपत्रित अधिकारी और कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे। गौरतलब है कि यह पदस्थापना रायपुर में कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद राज्य शासन द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है। इसी क्रम में रामगोपाल गर्ग (IPS-2007) को दुर्ग रेंज से स्थानांतरित कर बिलासपुर रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक शांडिल्य (IPS-2007) को राजनांदगांव रेंज से स्थानांतरित कर दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश 22 जनवरी 2026 को जारी किया था।