पाटन नगर पंचायत को स्वच्छता में देशभर में दूसरा स्थान — राष्ट्रपति से मिला सम्मान,20 हजार से कम आबादी वाले कस्बों में देश में बनी मिसाल

पाटन। राजधानी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ की पाटन नगर पंचायत ने पूरे देश में 20 हजार से कम आबादी वाले निकायों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश और क्षेत्र का नाम गौरव से ऊँचा किया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देश के राष्ट्रपति के करकमलों से पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले और मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमन्त वर्मा ने ग्रहण किया।

इस गरिमामयी समारोह में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री व बिलासपुर सांसद तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर पाटन के प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष निशा योगेश सोनी, सभापति केवल देवांगन, सभापति नेहा बाबा वर्मा, इंजीनियर अर्जुन निर्मल, कर्मचारी जलज पाण्डेय, टोकेश्वर, व समर्पित सफाई कर्मी सुलोचना मण्डलेश शामिल रहे।

अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने इस अवसर पर कहा कि
यह सम्मान पूरे पाटन की जनता, कर्मचारियों और सफाई योद्धाओं की मेहनत का फल है। हमने स्वच्छता को अभियान नहीं, एक जनआंदोलन के रूप में लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को साकार करने में पाटन ने अपना पूर्ण योगदान दिया है। मैं समस्त नगरवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देता हूँ। यह सम्मान हम सबके लिए प्रेरणा है, आने वाले वर्षों में पाटन को देश का नंबर-1 नगर पंचायत बनाना हमारा लक्ष्य है।

इस उपलब्धि से पूरे पाटन क्षेत्र में हर्ष की लहर है और नगरवासियों में भी स्वच्छता के प्रति और अधिक जागरूकता और गर्व की भावना देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *