पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED का छापा, कांग्रेस में मचा हड़कंप-भूपेश बघेल का X पोस्ट— “सत्र में अडानी का मुद्दा उठाना था, ‘साहेब’ ने ED भेज दी”

विधानसभा सत्र के अंतिम दिन भिलाई-3 स्थित निवास पर तड़के 6 बजे पहुंची ईडी की टीम

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार की सुबह भारी उथल-पुथल लेकर आई। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निजी निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तड़के सुबह 6 बजे छापा मारा। तीन गाड़ियों में सवार ईडी अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे। यह छापा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही जांच से जुड़ा बताया जा रहा है।

बघेल का तीखा हमला: “अडानी का मुद्दा उठाना था, साहेब ने भेजी ED”

ईडी की छापेमारी के तुरंत बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा—

> “ED आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ED भेज दी है।”

विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा, 30 विधायक निलंबित

विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस ने डीएपी खाद की कमी और किसान विरोधी नीतियों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष सहित दर्जनों विधायक वेल में पहुंच गए और सरकार विरोधी नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 30 से अधिक विपक्षी विधायकों को पूरे दिन के लिए सदन से निलंबित कर दिया।

ईडी की पूर्व कार्रवाई का सिलसिला

यह पहली बार नहीं है जब ईडी ने बघेल या उनके करीबियों के खिलाफ कार्रवाई की हो।

10 मार्च को भी उनके आवास पर छापा पड़ा था जिसमें उनके बेटे के खिलाफ भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच हुई थी।

4 और 5 जुलाई को भी ईडी ने छत्तीसगढ़ के 13 ठिकानों, जिसमें चैतन्य के सहयोगी पप्पू बंसल, शामिल थे, पर दबिश दी थी।

15 जुलाई को दुर्ग के दीपक नगर स्थित सागर होटल के मालिक विजय अग्रवाल के बंगले पर भी छापा मारा गया था।

सियासी मायने और विपक्ष का आरोप

कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है। पार्टी के भीतर इस बात को लेकर आक्रोश है कि भाजपा सरकार ईडी का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *