पाटन। विकासखण्ड मुख्यालय पाटन के मंडी प्रांगण में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में विकासखण्ड स्तरीय “स्वस्थ पंचायत सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि स्वस्थ पंचायत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब गांव स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को प्राथमिकता के साथ अपनाया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने, कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। श्रीमती नायक ने पंचायतों की सक्रिय भागीदारी को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की कुंजी बताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से ही सकारात्मक परिणाम संभव हैं। उन्होंने सभी संबंधितों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, शौचालय उपयोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार के महत्व पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायतों को स्वस्थ, स्वच्छ एवं कुपोषण मुक्त बनाने हेतु सामूहिक प्रयासों को गति देने का संकल्प लिया गया। अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन का समापन किया गया।