
पाटन। पाटन अनुभाग के नवपदस्थ एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे सुकमा जिले के चिंतागुफा में एसडीओपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। पदभार संभालते ही उन्होंने अनुभाग की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और पहले ही दिन सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में एसडीओपी तिवारी ने थाना प्रभारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित निराकरण करने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात पर जोर
एसडीओपी ने टोलाघाट क्षेत्र में कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करनी होगी।
निवर्तमान एसडीओपी को दी विदाई
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रांशु तिवारी ने निवर्तमान एसडीओपी अनूप लकड़ा को ससम्मान विदाई दी। उन्होंने उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए अग्रिम बधाई दी। इसके बाद एसडीओपी ने कार्यालयीन स्टाफ से परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात पाटन अनुभाग के अंतर्गत आने वाले थाना पाटन, रानीतराई, जामगांव आर, अमलेश्वर, अंडा एवं मचांदूर के थाना प्रभारियों से परिचय लेकर संबंधित थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। नए एसडीओपी के पदभार ग्रहण करते ही थाना प्रभारियों के साथ हुई बैठक को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।