पाटन। विकासखंड पाटन के धर्मनगरी ग्राम कौही में अखिल भारतीय स्तर पर गौरव का क्षण तब देखने को मिला जब गाँव के युवा देवेंद्र कुमार देवांगन का अग्निवीर (जी.डी.) में चयन होने के बाद प्रथम बार गृह आगमन पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। देवेंद्र, ग्राम के पहले युवा हैं जिन्हें अग्निवीर के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर है। गृह आगमन पर विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, सरपंच लीना साहू, पूर्व जनपद सदस्य रमन टिकरिहा, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं से देवेंद्र का सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
अशोक साहू ने कहा—“देवेंद्र की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी मेहनत और लगन ने यह मुकाम दिलाया है। यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में जाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।”
सरपंच लीना साहू और पूर्व जनपद सदस्य रमन टिकरिहा ने कहा कि देवेंद्र ने कौही गाँव का नाम गौरवान्वित किया है और यह साबित किया है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। ग्रामवासियों ने देवेंद्र के माता-पिता को भी बधाई देते हुए उनके सैन्य जीवन की सफलता की कामना की। स्वयं युवा अग्निवीर देवेंद्र ने कहा— “मैं देश सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित करूँगा। ग्रामवासियों का स्नेह और समर्थन मेरे लिए ऊर्जा का स्रोत है।”