पाटन। नगर पंचायत के अध्यक्ष योगेश ‘निक्की’ भाले के नेतृत्व में नगर के जनप्रतिनिधियों ने राज्य विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री Arun Sao से मुलाकात कर नगर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। मुलाकात के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पाटन क्षेत्र में अधोसंरचना और अन्य जरूरी विकास कार्यों के संबंध में अपनी बात रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आश्वासन दिया कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विधानसभा भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सदन की कार्यवाही को भी करीब से देखा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष रानी बंछोर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन और सभापति जितेन्द्र निर्मलकर भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर को पाटन के विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।