
बॉटनिकल गार्डन में पुदीना, हल्दी, केवड़ा सहित कई औषधीय पौधे लगाए गए, विद्यार्थियों को बताया महत्व
जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) के बॉटनिकल गार्डन में इको क्लब के तत्वावधान में औषधीय पौधों का रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिवा अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रोपण कार्यक्रम के दौरान इको क्लब द्वारा पुदीना, हल्दी, केवड़ा सहित कई महत्वपूर्ण औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर इको क्लब के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक रजनीश तिवारी, नीता कुमारी, डॉ. आबिद हसन खान, मनोज कुमार, मुकेश कटेलिया सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. शिवा अग्रवाल ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुदीना, हल्दी जैसे पौधे केवल स्वास्थ्यवर्धक ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इको क्लब के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि बॉटनिकल गार्डन में लगाए गए आयुर्वेदिक पौधे विद्यार्थियों के शैक्षणिक अध्ययन में भी सहायक होंगे। वनस्पति विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों से इन पौधों की पहचान, वैज्ञानिक नाम और औषधीय उपयोग से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं, जिससे उन्हें प्रत्यक्ष अध्ययन का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की बात कही।