
विद्यार्थियों ने योगासन, ध्यान और प्राणायाम का किया अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर), भरर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग सप्ताह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा हैं । इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा ध्यान योग, लाफ्टर योग, जुम्बा योग तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास से हुई, जिसमें विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न योग गतिविधियों में भाग लिया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम दस मिनट योग के लिए समय निकालने की प्रेरणा देते हुए योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का आधार बताया।
गायत्री परिवार, जामगांव (आर) से पधारे डॉ. तिलक साहू ने विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं, कमर दर्द, साइटिका, वैरिकोज वेन और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं में लाभकारी योगाभ्यास भी करवाए। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने योगाभ्यास की सही विधि, आवश्यक सावधानियों और नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। ध्यान योग के माध्यम से विद्यार्थियों ने मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया, वहीं जुम्बा योग ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में लाफ्टर योग के जरिए हँसने, प्रसन्न रहने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।
योग दिवस के अवसर पर आयोजित “बेस्ट योग पोज प्रतियोगिता” में बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की कु. प्रेरणा बंजारे एवं बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की कु. झमिता मंडावी को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।इसके साथ ही शासन द्वारा निर्धारित कर्मयोगी ऐप के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन योग पाठ्यक्रम को महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। वहीं हैबिट योग संस्था के 14 से 21 दिवसीय ऑनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी प्राचार्य सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर प्रमाण-पत्र अर्जित किए।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी के संयोजन एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।