मोडिफाई साइलेंसर पर पुलिस का शिकंजा: रायपुर में 65 बुलेट जब्त, हर वाहन पर 5 हजार का जुर्माना

रायपुर। रायपुर पुलिस ने तेज आवाज वाले मोडिफाई साइलेंसर लगाकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे बुलेट वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने 65 बुलेट जब्त करते हुए प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए, जहां मोडिफाई और अमानक साइलेंसर लगे वाहनों की जांच की गई।
अमानक साइलेंसर उतरवाकर किए जब्त
जांच में पकड़े गए सभी बुलेट वाहनों से मौके पर ही अमानक और मोडिफाई साइलेंसर उतरवाए गए। मोटरयान अधिनियम के तहत चालकों से जुर्माना वसूलने के बाद साइलेंसर जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मानक साइलेंसर लगवाने के बाद ही संबंधित वाहनों को छोड़ा गया।
तेज आवाज से बढ़ता है हादसों का खतरा
यातायात पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से लगाए गए मोडिफाई साइलेंसर से अचानक तेज और पटाखे जैसी आवाज निकलती है, जिससे अन्य वाहन चालक घबरा जाते हैं। इससे वाहन असंतुलित होने और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी खतरे को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
चालकों और दुकानदारों से अपील
पुलिस ने बुलेट सहित अन्य स्पीड बाइक चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि जान के लिए भी खतरनाक हो सकता है। साथ ही ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और वाहन विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि वे अमानक और असुरक्षित साइलेंसर या अन्य सामग्री की बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत संबंधित दुकानों और फर्मों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *