जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में पुलिस स्मृति दिवस बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने देश और प्रदेश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस कर्मियों को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर मौन रखकर श्रद्धांजलि देने से हुई। महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश और राज्य के इन सच्चे प्रहरी जवानों की बहादुरी के कारण ही आज हम सुरक्षित जीवन और त्योहारों की खुशियाँ मना पाते हैं। विशेष रूप से बस्तर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात पुलिस बल के योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में निरीक्षक विनोद ध्रुव की शहादत का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने राजनांदगांव जिले के मदनवाड़ा इलाके के कोरकुट्टी क्षेत्र में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान वीरगति प्राप्त की थी। इस दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए रा.से.यो. प्रभारी प्रो. चेतना सोनी ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस 1959 से मनाया जा रहा है, जब लद्दाख में भारत-चीन सीमा पर देश के 10 पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शहीद जवानों की वीरता और बलिदान को नमन किया।