भिलाई । गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने अपने निज निवास सेक्टर-5, भिलाई में पारंपरिक विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी रजनी बघेल भी उपस्थित रहीं। बघेल दंपति ने श्रद्धाभाव से गौ माता को खिचड़ी और अमृततुल्य दूध का भोग अर्पित किया। पूजन कार्यक्रम के दौरान भगवानी यादव ने पारंपरिक दोहे प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक सम्मिलित हुए और श्रद्धा भाव से पूजा में भाग लिया।
सांसद श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा की परंपरा द्वापर युग से चली आ रही है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ गौ माता के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आगे बताया कि जब प्रभु श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे, तब दीप जलाकर दीपावली मनाई गई थी, और अगले दिन गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। सांसद बघेल ने बताया कि वे प्रतिवर्ष अपने ग्राम उरला में ग्रामवासियों के साथ मातर पर्व मनाने के साथ अपने निज निवास पर गौ पूजा करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने दीपावली, धनतेरस और गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पर्व भारतीय संस्कृति से जुड़ाव और गौ माता की सेवा के महत्व का संदेश देते हैं।