टीएस सिंहदेव को ‘एक दिन का सीएम’ बनाने के तंज पर सियासी बवाल: कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

टीएस सिंहदेव को ‘एक दिन का सीएम’ बनाने के तंज पर सियासी बवाल: कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर सियासी जंग छिड़ गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा तो कांग्रेस ने भी पलटवार कर दिया। चंद्राकर के “सिंहदेव को एक दिन का मुख्यमंत्री बना देंगे” वाले बयान ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है।

सिंहदेव बोले— “मैं क्यों कहूं कि सीएम नहीं बनना चाहता”

बिलासपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा—कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। लेकिन मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है। ऐसा कौन कहेगा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता? पहले भी मेरा नाम चला था, मीडिया ने ढाई-ढाई साल के सीएम फॉर्मूले पर मुझे बनाए रखा। सिंहदेव के इस बयान के बाद भाजपा ने मौके को भुनाने में देर नहीं की।

अजय चंद्राकर का तंज— “एक दिन का सीएम बनाकर सम्मान देंगे”

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने व्यंग्य करते हुए कहा—“हम सिंहदेव का सम्मान करना चाहते हैं। अगर वे चाहें तो उन्हें एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बना देते हैं। कांग्रेस में तो उनका कुछ होना नहीं है। गांधी परिवार ने उन्हें धोखा दिया, इसलिए अपनी हसरत इसी दुनिया में पूरी कर लें।”चंद्राकर के इस बयान के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

दीपक बैज का पलटवार— “जो खुद मंत्री नहीं बन पाए, वो सीएम क्या बनाएंगे?”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा—अजय चंद्राकर खुद तो मंत्री नहीं बन पाए और दूसरों को मुख्यमंत्री बनाने की बात करते हैं। पहले अपनी पार्टी में अपनी स्थिति सुधार लें, फिर दूसरों को उपदेश दें। भाजपा के भीतर ही वे उपेक्षित नेता बन चुके हैं।”

भूपेश बघेल का तीखा सवाल— “मुख्यमंत्री की कुर्सी मजाक है क्या?”

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी चंद्राकर पर निशाना साधते हुए कहा—किसी को एक दिन का मुख्यमंत्री बना देना क्या मजाक है? क्या मुख्यमंत्री की कुर्सी इतनी हल्की हो गई है कि जिसे चाहो, जब चाहो, बिठा दो और हटा दो? यह संवैधानिक पद का अपमान है।”

विवाद की पृष्ठभूमि

दरअसल, बिलासपुर में मीडिया ने जब टीएस सिंहदेव से सीएम पद की संभावनाओं पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा था कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है, लेकिन वे यह नहीं कहेंगे कि उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनना है। इस पर अजय चंद्राकर ने तंज कसा और कहा कि भाजपा उन्हें “एक दिन का सीएम” बना देगी। यह टिप्पणी अब राजनीतिक बयानबाजी का केंद्र बन गई है।

राजनीतिक विश्लेषण: “सिंहदेव फिर बने सियासी चर्चा का केंद्र”

राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि टीएस सिंहदेव हर बार चुनाव से पहले सत्ता संतुलन की चर्चा में आ जाते हैं। उनके बयान से भाजपा को हमला करने का मौका मिला, जबकि कांग्रेस ने इसे व्यक्तिगत और संस्थागत सम्मान का मुद्दा बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *