डिजिटल दौर की नई जंग : भाजपा-कांग्रेस के बीच AI वीडियो से बढ़ी तनातनी,AI की आंधी में छत्तीसगढ़ की राजनीति

डिजिटल दौर की नई जंग : भाजपा-कांग्रेस के बीच AI वीडियो से बढ़ी तनातनी,AI की आंधी में छत्तीसगढ़ की राजनीति

रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी सक्रिय हो गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप की जंग अब डिजिटल मंचों तक पहुंच गई है। भाजपा ने कांग्रेस को घेरने के लिए तीन AI जनरेटेड वीडियो जारी किए हैं, जिनमें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा गया है।

पहले वीडियो में कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप

पहले वीडियो में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों के नामों पर चर्चा होती दिख रही है। इसमें पात्र एक-दूसरे से कहते हैं— “भिलाई से देवेंद्र यादव को जिलाध्यक्ष बना देते हैं।” जवाब आता है, “उस पर बलौदाबाजार आगजनी का आपराधिक मामला दर्ज है।” इसके बाद रायपुर के विकास तिवारी और आसिफ मेमन के नामों पर भी सवाल उठाए जाते हैं। वीडियो में आरोप है कि तिवारी पर गाली-गलौज का आरोप है, जबकि अन्य नेताओं पर भी गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।

दूसरे वीडियो में आदिवासी नेताओं के अपमान का मुद्दा

दूसरे वीडियो में कांग्रेस पर आदिवासी नेताओं की उपेक्षा और अपमान का आरोप लगाया गया है। इसमें पार्टी के अंदर कथित भेदभाव को उजागर करने की कोशिश की गई है।

तीसरे वीडियो में भूपेश बघेल पर व्यंग्य

तीसरे वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बिहार चुनाव में कांग्रेस की जीत का सपना देखते हुए दिखाया गया है। भाजपा ने इसे “राजनीतिक व्यंग्य” बताते हुए सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

कांग्रेस का पलटवार: “भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के AI वीडियो पर तीखा पलटवार करते हुए कहा—भाजपा के पास अब कोई काम नहीं बचा है। इसलिए वे फर्जी वीडियो बनाकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। ये झूठ और प्रोपेगेंडा की राजनीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।

भाजपा का जवाब: “कांग्रेस में चोर-डकैत भरे हैं”

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा—कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दावेदारों में अपराधी चरित्र के लोग शामिल हैं। जांजगीर में NSUI का जिलाध्यक्ष डकैती की योजना बनाते पकड़ा गया। जब पूरी पार्टी ऐसे लोगों से भरी हो तो और क्या उम्मीद की जाए?”भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा—जो कांग्रेस के चरित्र में है, वही AI के चित्र में दिख रहा है। दीपक बैज को पहले अपनी पार्टी के भीतर झांकना चाहिए।”

कांग्रेस ने भी पहले किया था AI का इस्तेमाल

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने के लिए AI वीडियो बनाया था। उस वीडियो में आम जनता की तकलीफों को दिखाकर सरकार की आलोचना की गई थी।

विशेषज्ञों की राय: “AI बनेगा चुनावी हथियार”

वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार ने कहा—डिजिटल युग में राजनीतिक युद्धभूमि बदल चुकी है। AI एक प्रभावी माध्यम बन सकता है, लेकिन इसके साथ नैतिकता और सत्यता की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। जब तक इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी से किया जाएगा, तब तक यह लोकतंत्र के लिए खतरा नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *