शिक्षा के मंच से विकास का संदेश, पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर उभरी सियासी तल्ख़ी —बटरेल में शिक्षामंत्री गजेंद्र यादव का दौरा चर्चा में

जामगांव आर। पाटन विकासखंड के ग्राम बटरेल स्थित जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को आयोजित वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह ने शिक्षा के साथ-साथ राजनीति का भी रंग दिखाया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, अध्यक्षता पूर्व मंत्री रश्मीला साहू ने की। जिपं सभापति कल्पना नारद साहू, जनपद सदस्य अजय साहू, पद्मश्री राधेश्याम बारले एवं सरपंच एमन आठे विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। स्कूली छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। जागृति शिक्षण समिति के अध्यक्ष डॉ. दयाराम साहू ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि वर्ष 1967 से संचालित यह शिक्षण समिति लगातार विद्यालय की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है, किंतु अनुदान प्राप्त शाला होने के कारण कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष विद्यालय के शासकीयकरण, जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवन निर्माण सहित अन्य मांगें रखीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि आज शिक्षा और स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों स्कूलों के भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा है कि इस विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों में शिक्षा के प्रति विशेष लगाव है, जो प्रशंसनीय है। मंत्री यादव ने स्पष्ट किया कि ज्ञान से बड़ा कोई मूल्य नहीं होता और स्कूल-शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देने की रीढ़ हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय के हित और समग्र विकास के लिए सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन तीरथ धनकर ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य टी.के. पिपरिया,भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, तहसील साहू संघ अध्यक्ष ललेश्वर साहू, भाजयुमो अध्यक्ष नारद साहू,अभय ठाकुर, भेष आठे,सशिम प्राचार्य अनिल साहू,उमाशंकर साहू, तीरथ पटेल, नरेश राजपूत,बसंत साहू,गौतमचंद जैन,अभिषेक सेन,वाय के साहू,खुमान जांगड़े,छगन साहू,यादव राम साहू, भोकलू राम साहू, गयाराम साहू, महेंद्र साहू,टेमन छपहा, संजू साहू,देवकी साहू, रेवा राम साहू, कविता साहू, पुष्पलता जांगड़े,अश्वनी पांडे, भगदास मारकंडे सहित अन्य उपस्थित रहे।

• नई शिक्षा नीति से कौशलवान और स्वावलंबी युवा तैयार होंगे- गजेन्द्र यादव

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर बोलते हुए मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई नीति आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेगी। नवमी कक्षा के बाद से व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों के कौशल का विकास किया जा रहा है, जिससे वे केवल नौकरी पर निर्भर न रहकर स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने बताया कि साय सरकार द्वारा स्कूलों को ई-क्लास और स्मार्ट क्लास से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के भवन विस्तार के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की।

• मंत्री के आगमन पर भाजपाइयों में उत्साह के बीच उपेक्षा की टीस-

हालांकि कार्यक्रम के इतर एक सियासी असंतोष भी खुलकर सामने आया। मंत्री के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह था, लेकिन आमंत्रण पत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के नाम न होने एवं मंच में स्थान नही मिलने से नाराजगी फैल गई। क्षेत्र के कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित महसूस करते नजर आए। इसी उपेक्षा से आहत भाजपा जामगांव आर मंडल के कार्यकर्ताओं ने किसान चौक में मंत्री का औपचारिक स्वागत कर क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम से दूरी बना ली। यह घटनाक्रम स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *