प्राचार्यों की लंबित समस्याओं के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, शिक्षा सचिव व संचालक से फेडरेशन की सकारात्मक चर्चा

प्राचार्यों की लंबित समस्याओं के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, शिक्षा सचिव व संचालक से फेडरेशन की सकारात्मक चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्यों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से महत्वपूर्ण चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह तथा संचालक, लोक शिक्षण डॉ. ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर प्राचार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्यों की पदोन्नति, लंबित समयमान वेतनमान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (RMSA) के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में प्यून, स्वीपर एवं लिपिक की व्यवस्था तथा शनिवार को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा की।

वरिष्ठ प्राचार्यों के समयमान वेतनमान पर सकारात्मक पहल
समयमान वेतनमान के मुद्दे पर शिक्षा सचिव ने सहमति व्यक्त करते हुए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि इस संबंध में प्रस्ताव पूर्व में ही संचालक, लोक शिक्षण के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इस पर सचिव ने प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर समयमान वेतन स्वीकृत किए जाने का आश्वासन दिया।

पदोन्नति पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
प्राचार्यों की पदोन्नति के विषय में भी प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बात प्रमुखता से रखी। अधिकारियों ने इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।

RMSA विद्यालयों में सहायक कर्मचारियों की व्यवस्था
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (RMSA) के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में अंशकालीन स्वीपर, प्यून एवं लिपिक की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग में उपलब्ध अमले से आवश्यकतानुसार व्यवस्था किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे इन विद्यालयों में सहायक कर्मचारियों की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है।

शनिवार को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन पर सहमति
शनिवार को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन के संबंध में भी अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र आदेश जारी किए जाने हेतु आश्वस्त किया।

TET एवं शिक्षकों की पदोन्नति पर भी चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समस्या TET के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की और विभिन्न सुझावों के साथ ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा शिक्षकों की पदोन्नति के विषय पर भी सारगर्भित चर्चा की गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष एम.आर. खान, प्रमुख सलाहकार अनुराग ओझा, प्रांतीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ. भारती अग्रवाल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष चमेली वर्मा, प्रांतीय सचिव डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव, प्राचार्य मनोज कुमार मेरसा तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, गरियाबंद के महासचिव बसंत त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। फेडरेशन ने कहा कि अधिकारियों की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासनों से प्राचार्यों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की उम्मीद बढ़ी है। फेडरेशन ने विश्वास जताया कि लंबित अधिकारों एवं सुविधाओं को लेकर विभाग जल्द ठोस और सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *