
रायपुर,20 अगस्त 2026। प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई सकारात्मक बातचीत के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार पर विश्वास जताते हुए अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
स्टाइपेंड वृद्धि की प्रक्रिया तेज
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि IMA-MSN छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और संबंधित प्रकरण पर पहल करते हुए इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों की मांग पर इसी माह आवश्यक एवं सकारात्मक निर्णय लेने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न डॉक्टरों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी विषयों को लेकर संवेदनशील है। सरकार प्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों सहित चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों एवं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री से हुई सकारात्मक चर्चा और स्टाइपेंड वृद्धि पर इसी माह निर्णय के आश्वासन के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।