डाकघर बना जनकल्याण का सशक्त केंद्र: जामगांव (एम) में विशेष जनसेवा शिविर, योजनाओं का मिला सीधा लाभ — कीर्ति नायक

पाटन। भारतीय डाक विभाग के अंतर्गत शाखा डाकघर जामगांव (एम) एवं उप डाकघर पाटन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जामगांव (एम) में विशेष जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशेष शिविर में आम नागरिकों को डाकघर की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान नया खाता खोलने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का निःशुल्क आधार निर्माण, IPPB खाता खोलने, मनरेगा (रोजगार गारंटी), पेंशन एवं छात्रवृत्ति खातों सहित अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों के खातों का तत्काल पंजीयन भी किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ परिमंडल एवं दुर्ग संभाग के डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीण नागरिकों को अधिकतम लाभ लेने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने संबोधन में कहा, “डाकघर अब केवल पत्र-व्यवहार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह बैंकिंग, पेंशन, छात्रवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सशक्त केंद्र बन चुका है। ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *