दुर्ग । मोदीनगर में 03 से 14 फरवरी तक आयोजित प्रतिष्ठित Open National Weightlifting Championship में छत्तीसगढ़ के होनहार वेटलिफ्टर रेहान खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ वर्ग के 94 किलोग्राम ग्रुप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। रेहान ने स्नैच में 125 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 161 किलोग्राम भार उठाते हुए कुल 286 किलोग्राम वजन के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राजनांदगांव जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
विशेष उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को प्राप्त एकमात्र स्वर्ण पदक रेहान खान ने ही जीता, जिससे प्रदेश का खेल गौरव और अधिक सुदृढ़ हुआ है। उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जिसने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया है।
स्वर्ण पदक जीतने के पश्चात रेहान खान ने दुर्ग लोकसभा सांसद एवं प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ अध्यक्ष विजय बघेल से उनके सेक्टर-5, भिलाई स्थित निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने रेहान को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अत्यंत गर्व का विषय है। कार्यक्रम में प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ के उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, कोच अजय लोहार, रेहान के पिता मजहर खान, छबि राम विश्वकर्मा एवं कोमल सोनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने रेहान की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।