जामगांव आर। दक्षिण पाटन के केंद्रबिंदु जामगांव आर में आगामी श्रीराम नवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। जन कल्याण रामोत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के नवनिर्मित श्रीराम मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंचल के विभिन्न ग्रामों के प्रमुख, सरपंच एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर किसान चौक से श्रीराम मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भजन-कीर्तन, भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम के तहत स्थानीय बाजार चौक में विशाल धर्मसभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसकी शुरुआत भगवान श्रीराम की सामूहिक आरती से होगी। इसके पश्चात कौशिल्या धाम जामड़ी पटेश्वर के प्रख्यात संत बाल योगेश्वर श्रीराम बालक दास महाराज धर्मसभा को संबोधित करेंगे। इसी मंच पर पाटन ब्लॉक के कारसेवकों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
नगर के कारसेवक जिलोकन चंद्राकर के सुपुत्र संदीप चंद्राकर ने जानकारी दी कि लंबे इंतजार के बाद नगर के केंद्र बाजार चौक हनुमान मंदिर के पास में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। श्रीराम नवमी के शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीराम सहित अन्य देव प्रतिमाओं की स्थापना, पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।बैठक का संचालन किशोर साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप चंद्राकर ने किया।
इस अवसर पर सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ स्वयंसेवक हलधर महमल्ला, भाजपा नेता नारद साहू, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष चंद्राकर, शासकीय कालेज समिति अध्यक्ष नरेश केला,पूर्व सरपंच कन्हैयालाल साहू, मेघनाथ सागरवंशी, नरोत्तम साहू, पुरनेन्द्र सिन्हा, मुकेश साहू, मनीष जैन, लीलाधर साहू, उमाशंकर साहू, शैलेंदरी मंडावी, भारती सोनबेर, गोस्वामी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।