रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी घोटाले में अब जांच एजेंसियों ने बड़ा एक्शन लेते हुए निलंबित आईएएस अधिकारी Sameer Vishnoi की करोड़ों की संपत्तियों को अटैच कर दिया है। एसीबी/ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत के आदेश के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, विशेष कोर्ट ने Sameer Vishnoi की 9 अतिरिक्त अचल संपत्तियों पर रोक लगाते हुए करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे पहले Enforcement Directorate (ED) भी इस मामले में 5 संपत्तियां अटैच कर चुका है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी और उनकी पत्नी के नाम पर 15 से 20 करोड़ रुपये तक की बेनामी संपत्तियों का खुलासा हुआ है। आरोप है कि ये संपत्तियां अवैध कमाई से खरीदी गईं, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक हैं।
एसीबी/ईओडब्ल्यू की जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध धन को छिपाने के लिए 3-4 फर्म बनाई गई थीं, जिनके जरिए निवेश कर संपत्तियां खरीदी गईं। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह पूरा नेटवर्क काले धन को वैध दिखाने के लिए तैयार किया गया था।
कार्रवाई के तहत महासमुंद में करीब 22 एकड़ जमीन, नया रायपुर की प्राइम लोकेशन की जमीन, और रायपुर के गायत्री नगर स्थित मकान सहित कई संपत्तियों को सीज किया गया है। अधिकांश संपत्तियां पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थीं। यह पूरा मामला प्रदेश के चर्चित कोयला लेवी स्कैम से जुड़ा है, जिसमें ऑनलाइन सिस्टम को ऑफलाइन कर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इसी आधार पर एजेंसियों ने कोर्ट में अटैचमेंट की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिल गई। गौरतलब है कि इससे पहले Ranu Sahu और Soumya Chaurasia की संपत्तियों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह संकेत साफ है कि भ्रष्टाचार के मामलों में एजेंसियां अब सख्त रुख अपनाए हुए हैं।