“रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी रहेगा” : सांसद विजय बघेल, भिलाई में जुटे देशभर के रेडियो श्रोता

“रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी रहेगा” : सांसद विजय बघेल, भिलाई में जुटे देशभर के रेडियो श्रोता

दुर्ग(अब्दुल नासिर )। रेडियो श्रोता दिवस के अवसर पर भिलाई में दो दिवसीय अखिल भारतीय रेडियो श्रोता सम्मेलन का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से रेडियो उद्घोषक एवं श्रोता शामिल हुए। इस दौरान रेडियो से जुड़ी पुरानी यादों, अनुभवों और संस्मरणों को साझा कर रेडियो की स्वर्णिम स्मृतियों को जीवंत किया गया। सम्मेलन के समापन अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल शामिल हुए। उन्होंने देशभर से पहुंचे रेडियो श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेडियो को लोकप्रिय बनाने में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका उद्घोषकों की रही है, उतना ही बड़ा योगदान रेडियो श्रोताओं का भी रहा है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रेडियो प्रेमियों का सम्मान भी किया।

दूरदर्शन समाचार से चर्चा के दौरान विजय बघेल ने रेडियो से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों तक अपने विचार और संदेश पहुंचाने के लिए रेडियो को प्रभावी माध्यम बनाया और ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए करोड़ों लोगों से संवाद स्थापित किया।

रेडियो से जुड़ाव बनाए रखना सम्मेलन का उद्देश्य

सम्मेलन के संयोजक एवं छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के संरक्षक अशोक बजाज ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के रेडियो के प्रति जुड़ाव को बनाए रखना और श्रोताओं के बीच रेडियो की लोकप्रियता को जीवंत रखना है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में संचार के अनेक माध्यम आने के बावजूद रेडियो की अपनी अलग पहचान और विश्वसनीयता कायम है।

पुराने रेडियो सेट बने आकर्षण का केंद्र

दो दिवसीय आयोजन के दौरान लोक कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। वहीं पुराने दौर में इस्तेमाल किए जाने वाले रेडियो सेटों की प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे रेडियो प्रेमियों ने प्रदर्शनी और संवाद के माध्यम से रेडियो से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को फिर से जीवंत किया।
सम्मेलन में अशोक श्याम कुंवर, परस राम साहू, मुकेश शर्मा सहित देशभर से पहुंचे रेडियो प्रेमी, श्रोता एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *