भिलाई। सेक्टर-9 ग्राउंड में रविवार को रग्बी अस्मिता लीग का रंगारंग आगाज़ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन दुर्ग सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए किया। इस लीग में 25 से अधिक टीमों और 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे अध्यक्ष साजन सुधाकरन ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दुर्ग रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन इस खेल को लोकप्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए भारत सरकार और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर हरित स्वागत भी किया।
मुख्य अतिथि विजय बघेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं यहां केवल सांसद के रूप में नहीं, बल्कि खिलाड़ी की भावनाओं के साथ मौजूद हूं। कबड्डी मेरा प्रिय खेल रहा है और मैं खिलाड़ियों की मेहनत व जरूरतों को समझता हूं।” उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आज की बेटियां रानी दुर्गावती और झांसी की रानी के जोश की मिसाल हैं। जब बेटियां खेलेंगी, तो देश निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा।”
इस अवसर पर सचिव जयप्रकाश गोंडा, उपाध्यक्ष विनय पीतांबरन, चंद्रगुप्त चौहान, मारुति नंदन मरकाम, इंद्रजीत सिंह पाल, पीएल वमसी और नगर पार्षद साजन जोसेफ मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय आर्य ने किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून जरूरी है, वरना सपना तो हर कोई देखता है। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आज बेटियां बेटों से ज्यादा हुनर दिखाकर देश के लिए मेडल ला रही हैं।
रग्बी अस्मिता लीग का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, खेलो इंडिया और छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।