भिलाई में राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता का तीसरा दिन, महाराष्ट्र और पंजाब के खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक,छत्तीसगढ़ का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

भिलाई। दुर्ग जिले के सेक्टर-6 स्थित अग्रसेन भवन में चल रही राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के तीसरे दिन प्रतिभागियों ने अलग-अलग श्रेणियों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत हैंड बैलेंस श्रेणी में महाराष्ट्र के नितिन पावले ने शानदार प्रस्तुति देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पश्चिम बंगाल के ऋषभ चटर्जी ने रजत और तमिलनाडु के अभिनेश कुमार ने कांस्य पदक जीता।

बैक बैंड व्यक्तिगत श्रेणी में पंजाब की अलका कुमारी पेरीवाल ने स्वर्ण हासिल किया। महाराष्ट्र की पूर्व किनारे को रजत और बिहार की साक्षी कुमारी को कांस्य पदक मिला। वहीं आर्टिस्टिक पेयर श्रेणी में बंगाल के लिटन दास, गुजरात के मित कुमार और जम्मू-कश्मीर के इरफान गुलजार का प्रदर्शन खासा सराहनीय रहा।

छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन

ट्विस्टिंग बॉडी श्रेणी (18-28 आयु वर्ग) में गुजरात के शाह कृष और त्रिपुरा के किशन देवनाथ के साथ छत्तीसगढ़ के राहुल चक्रधारी ने भी अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन रचित कौशिक, श्रेयस मार्कण्डेय और बीना त्रिपाठी सहित विशेषज्ञों ने किया।

मुख्य अतिथि का संदेश

इस अवसर पर दुर्ग एसपी गोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश कौशिक, समाजसेवी ईश्वर उपाध्याय और पर्यावरण मित्र सरस बर्मन भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *