भिलाई। भारतीय जनता पार्टी कैंप मंडल के पूर्व मीडिया प्रभारी नासिर भाई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस संसदीय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे हैं, जो देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। नासिर भाई ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को जेड प्लस से भी ऊपर की सुरक्षा दी जाती है, लेकिन उसी सुरक्षा का उपयोग वह भारत विरोधी देशों और नेताओं से गुप्त मुलाक़ातें करने के लिए करते हैं। हाल ही में उमर जैसे व्यक्तियों से उनकी मुलाक़ात पर भी उन्होंने प्रश्न उठाया और कहा कि यह अत्यंत संदेहास्पद है कि राहुल गांधी ऐसे लोगों से मिलते हैं जिनकी विचारधारा भारत विरोधी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राहुल गांधी वाकई देश के लिए इतने महत्वपूर्ण हैं, तो क्यों भारत के भीतर उनके विचारों को सुनने के लिए आमंत्रण नहीं दिया जाता? क्यों उन्हें अपनी बात रखने के लिए बार-बार विदेशी मंचों और ताकतों का सहारा लेना पड़ता है? पूर्व मीडिया प्रभारी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के हर विदेशी दौरे का एक ही एजेंडा होता है – भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमजोर और बदनाम करना। वे जानबूझकर ऐसी विदेशी कंपनियों और व्यक्तियों से मिलते हैं, जिनकी नीतियां भारत की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
नासिर भाई ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बार-बार झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है, और जब आरोप सिद्ध नहीं हो पाते तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ती है। यह उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता और गैरजिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने अंत में कहा कि राहुल गांधी का रवैया संकेत देता है कि वह देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर किसी बड़े षड्यंत्र की तैयारी कर रहे हैं। हाल ही में बंगाल और नेपाल में हुई घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि देश के खिलाफ लगातार साजिशें रची जा रही हैं — और अब पूरा देश इन गतिविधियों को देख रहा है।