पाटन। पाटन नगर में आगामी 17 से 19 सितम्बर 2025 तक तीन दिवसीय श्रीकथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन अनन्त श्री विभूषित भगवान जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री स्वामी नरेन्द्राचार्यजी की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से सुनिश्चित किया गया है। आयोजन स्थल कृषि उपज मंडी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, पाटन (जिला दुर्ग) तय किया गया है। इस तीन दिवसीय ज्ञान यज्ञ में सारगर्भित भागवत कथा अमृत रस का श्रवण भक्तों को कराया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा से होगा, इसके बाद प्रतिदिन कथा वाचन, भजन-कीर्तन, आरती और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से यज्ञ में प्रस्तुत कथाओं के माध्यम से जीवन मूल्यों, धार्मिक संस्कारों और भक्ति मार्ग का महत्व उजागर किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि इस ज्ञान यज्ञ से श्रद्धालु सत्संग, सेवा और समर्पण की भावना से जुड़ सकेंगे। यह अवसर भक्ति रस में डूबकर आत्मिक शांति एवं जीवन को सार्थक दिशा देने का एक अनूठा मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु रामानंद संप्रदाय, भक्त सेवा मंडल, दुर्ग सक्रिय भूमिका निभा रहा है। गौरतलब है कि यह संस्था वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर कार्यरत है और इसी कड़ी में इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भक्तजनों के लिए किया जा रहा है।।आयोजक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक महोत्सव का लाभ लेने की अपील की है।