रायपुर-धमतरी बड़ी रेल लाइन तैयार, जल्द दौड़ेगी ट्रेनटेस्टिंग ट्रेन पहुंची धमतरी, लोगों ने मोबाइल में कैद किए ऐतिहासिक पल

रायपुर-धमतरी बड़ी रेल लाइन तैयार, जल्द दौड़ेगी ट्रेनटेस्टिंग ट्रेन पहुंची धमतरी, लोगों ने मोबाइल में कैद किए ऐतिहासिक पल

धमतरी। धमतरी जिले के लोगों के लिए बहुप्रतीक्षित बड़ी रेल लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को धमतरी रेलवे स्टेशन पर रेल पटरी पर ट्रेन की आवाज सुनते ही लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। अचानक स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और अपने मोबाइल फोन से ट्रेन की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। जानकारी के अनुसार अभनपुर-धमतरी बड़ी रेल लाइन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। रेलवे द्वारा वर्तमान में ट्रैक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच एवं टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत ट्रेन को ट्रैक पर चलाया गया, जिसे देखकर स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए।

जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि बड़ी रेल लाइन परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है। वर्तमान में ट्रैक की टेस्टिंग और सुरक्षा संबंधी परीक्षण किए जा रहे हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रायल रन किया जाएगा और इसके पश्चात रेल लाइन का संचालन शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। करीब 70 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन धमतरी को सीधे रायपुर और अभनपुर से जोड़ेगी। इसके शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, परिवहन, कृषि और स्थानीय व्यवसायों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।

रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए आरक्षण काउंटर, पीआरएस काउंटर, वेटिंग हॉल और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और अगले माह तक परियोजना पूरी होने की उम्मीद है। बड़ी रेल लाइन के शुरू होने से सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *