
धमतरी, 12 जून 2026। एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर व्यापक अभियान शुरू कर दिया है।जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। आरोपी की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम तथा महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू के पास थी।
मेडिकल जांच के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष) निवासी कचूरवाही, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें आरोपी की सुरक्षा और निगरानी में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि होने पर चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है।
उधर फरार आरोपी पलाश गजभिए के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत एक और अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है, वहीं पूरे मामले की विभागीय जांच भी जारी है।